अपनी पसंद की खबर खोजें
Chief Secretaries Conference Preparation: मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ राज्य के प्रमुख विषयों और उत्कृष्ट पहलों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी रूप से प्रस्तुत करने के लिए आज मंत्रालय महानदी भवन में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई. मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पिछले राष्ट्रीय सम्मेलन से जुड़े विषयों पर चर्चा के साथ-साथ 'एक्शन ट्रैकिंग एंड मॉनिटरिंग सिस्टम' के माध्यम से कार्यों की प्रगति और गुणात्मक सुधार की समीक्षा की गई.
शिक्षा, स्वास्थ्य और नवाचारों पर विशेष जोर
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों के सचिवों को कड़े निर्देश दिए कि आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन में राज्य के नवाचारों और गुणात्मक सुधारों को प्रमुखता से रखा जाए. उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य और पोषण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों की जानकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयार करने को कहा, जिससे राज्य के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया जा सके.
आंगनबाड़ी केंद्रों में 'खिलौना बैंक' की अनूठी पहल
बैठक में राज्य के आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित 'खिलौना बैंक' की अभिनव पहल की विशेष रूप से सराहना की गई. इस योजना के तहत लोग अपने बच्चों के पुराने खिलौने जमा करते हैं, जिनका उपयोग आंगनबाड़ी के बच्चों के मानसिक विकास और सुपोषण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए किया जाता है. इस अनूठी पहल के अंतर्गत अब तक एक लाख से अधिक खिलौने जमा किए जा चुके हैं.
विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों पर केंद्रित सत्र
बैठक में जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय सम्मेलन में 'विकसित भारत 2047' के दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए मुख्य रूप से चार सत्र आयोजित किए जाएंगे:
विकसित भारत के लिए विशिष्ट प्राथमिकताएं और उद्देश्य।
आर्थिक विकास एवं राज्य के वित्त को मजबूत बनाने में खनन क्षेत्र की भूमिका।
सुशासन में तकनीक का प्रभावी उपयोग।
सड़क व अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए नए विचार।
इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य एवं पोषण, उर्वरकों के दुरुपयोग पर नियंत्रण, प्राकृतिक गैस के उपयोग को बढ़ावा देने और अंतरराज्यीय प्रतिस्पर्धा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया. बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.