अपनी पसंद की खबर खोजें
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज रायपुर के लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मण्डपम में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का जारी किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सिंधी समाज के लिए गौरव का क्षण
पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की 5वीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के पावन अवसर पर भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा यह स्मारक सिक्का जारी किया गया है। सिंधी विभूति के सम्मान में इस सिक्के के जारी होने से देश और विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी अनुयायियों और समाज के लोगों में भारी गर्व व उत्साह का माहौल है। अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक (कलेक्टर्स) इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से बुक कर सकेंगे।
सिक्के की विशेषता और कार्यक्रम में गणमान्य हस्तियां
भारत सरकार द्वारा जारी इस विशेष सिक्के के एक तरफ पूज्य माता हासी देवी जी की छवि अंकित है, जबकि दूसरी ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। इस पहल का उद्देश्य उनके महान जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान स्वागत उद्बोधन पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी ने दिया। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए सिंधी समाज के प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।