अपनी पसंद की खबर खोजें
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित 'अर्बन चैलेंज फंड कॉन्क्लेव' में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शहरों के सुनियोजित और आधुनिक विकास को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहरों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। शहरों में सीवरेज सिस्टम को दुरुस्त करने, जल निकासी की व्यवस्था सुधारने, बिजली के तारों को भूमिगत करने और पेयजल की समुचित आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बारिश के दिनों में जलभराव की स्थिति पर चिंता
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने शहरी ड्रेनेज सिस्टम पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि बारिश के मौसम में कई जगहों पर जलभराव के कारण ऐसी स्थिति बन जाती है कि जहां सड़कों पर वाहन चलने चाहिए, वहां नाव चलाने की नौबत आ जाती है। इस गंभीर समस्या और स्थिति को पूरी तरह बदलने के लिए शहरी बुनियादी ढांचे (Infrastructure) को मजबूत करना बेहद आवश्यक है।
विकास कार्यों के लिए दो महत्वपूर्ण MoU
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शहरों के नियोजित विकास को गति देने के लिए इस कॉन्क्लेव के दौरान दो महत्वपूर्ण समझौतों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इन एमओयू के जरिए राज्य को न केवल वित्तीय सहायता प्राप्त होगी, बल्कि देश-विदेश के विशेषज्ञों का तकनीकी सहयोग भी मिलेगा, जिससे छत्तीसगढ़ के शहरों को आधुनिक और व्यवस्थित रूप देने में मदद मिलेगी।