अपनी पसंद की खबर खोजें
रायगढ़ शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और बेहतर नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में वित्त मंत्री एवं स्थानीय विधायक ओ.पी. चौधरी ने विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रत्येक परियोजना में नागरिकों की वर्तमान व भविष्य की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
कैनाल लिंक रोड और खेल सुविधाओं का निरीक्षण
वित्त मंत्री ने जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। यह महत्वपूर्ण सड़क केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड को न्यू एवं ओल्ड मरीन ड्राइव रोड से जोड़ेगी, जिससे शहर के भीतर यातायात व्यवस्था सुगम होगी। इसके अलावा, बोइरदादर स्टेडियम पहुंचकर उन्होंने ओलंपिक मानक के स्विमिंग पूल, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और स्केटिंग रिंग के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जिले के खिलाड़ियों को आधुनिक और बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
तालाबों का सौंदर्यीकरण और ऑक्सीजोन का विकास
शहर के जल स्रोतों और पर्यावरण को संरक्षित करने के उद्देश्य से फटहामुड़ा और मिट्ठूमुड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। यहां पाथवे, गार्डन, ओपन जिम, फाउंटेन और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिससे नागरिकों को सैर और मनोरंजन के लिए बेहतरीन सार्वजनिक स्थल मिल सकें। इसके साथ ही, प्रगतिनगर मरीन ड्राइव और किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे 'ऑक्सीजोन' का जायजा लेते हुए उन्होंने हरित क्षेत्रों के विस्तार और योग केंद्र जैसी सुविधाओं को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विकसित छत्तीसगढ़ में रायगढ़ की अहम भूमिका
निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि रायगढ़ लंबे समय से आर्थिक रूप से छत्तीसगढ़ को योगदान देता रहा है। अब इस शहर को शिक्षा, खेल, पर्यावरण और आधुनिक नागरिक अधोसंरचना के क्षेत्र में भी अग्रणी बनाना है। इस दौरे के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।