अपनी पसंद की खबर खोजें
बीजापुर। माओवाद के खात्मे के बाद अब तक दुर्गम रहे नेशनल पार्क क्षेत्र में शासन-प्रशासन की पहुंच बढ़ाने और ग्रामीणों को सुरक्षा व सुगम न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी कड़ी में ग्राम पील्लूर में स्वीकृत नवीन पुलिस थाने का शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक (बस्तर रेंज, जगदलपुर) बद्रीनारायण मीणा के हाथों विधिवत रूप से किया गया।
उल्लेखनीय है कि नवनिर्मित थाना पील्लूर जिला बीजापुर का 24वां थाना है, जिसके खुलने से क्षेत्र में सुरक्षा का दायरा और अधिक व्यापक हो गया है। प्रशासनिक व्यवस्था के तहत इस नए थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुल 15 ग्रामों को शामिल किया गया है, जिससे इन गांवों के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा।
नवीन थाने के सुचारू संचालन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग द्वारा उप निरीक्षक हनीफ खान को पील्लूर का पहला थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। थाने में आवश्यक पुलिस बल और संसाधनों की तैनाती के साथ ही नियमित कामकाज की शुरुआत हो गई है।
पील्लूर में नवीन थाने के खुलने से अब इस दुर्गम अंचल के ग्रामीणों को अपनी शिकायतें दर्ज कराने या पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए लंबी दूरी तय कर दूसरे थानों में नहीं जाना पड़ेगा। ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में त्वरित पुलिस सहायता और सुलभ न्याय की सुविधा प्राप्त हो सकेगी।
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस नए थाने की स्थापना से पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। सुरक्षा वातावरण सुदृढ़ होने से इलाके में रुके हुए विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी और आम नागरिकों में शासन के प्रति विश्वास और गहरा होगा।