अपनी पसंद की खबर खोजें
शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के कवर्धा नगर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर, मां परमेश्वरी मंदिर और मां चंडी मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां भगवती से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। महाअष्टमी की रात्रि में कवर्धा की ऐतिहासिक और सौ साल से अधिक पुरानी पारंपरिक खप्पर यात्रा में शामिल होकर उन्होंने माता काली के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
सौ साल से अधिक पुरानी है खप्पर यात्रा की परंपरा
कवर्धा में महाअष्टमी की रात्रि पर माता काली के स्वरूप में खप्पर निकालकर नगर भ्रमण करने की परंपरा एक सदी से भी अधिक पुरानी है। मां दंतेश्वरी, मां चंडी और मां परमेश्वरी मंदिरों से जुड़ी यह अनूठी धार्मिक परंपरा क्षेत्र की लोक आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। मान्यता है कि नगर की सुरक्षा, सुख-शांति और लोक कल्याण के लिए यह अनुष्ठान किया जाता है, जिसमें शामिल होने के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
श्रद्धालुओं और युवाओं के साथ गाए जसगीत
खप्पर यात्रा के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पारंपरिक अनुष्ठान में पूरी श्रद्धा के साथ हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने कवर्धा और अन्य क्षेत्रों से पहुंचे युवाओं व श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात की। माता की सेवा में लीन होकर उन्होंने भक्तों के साथ मिलकर पारंपरिक जसगीत गाए, जिससे पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि कवर्धा की खप्पर यात्रा हमारी प्राचीन आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहर है, जो पीढ़ियों से लोगों को उनकी जड़ों से जोड़े हुए है। महाअष्टमी पर इस माता सेवा और अनुष्ठान का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने सभी को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए मां भगवती से सबके कल्याण की प्रार्थना की।