अपनी पसंद की खबर खोजें
छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना और कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में मंगलवार को एक नया और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन से केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से) और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रावघाट-रायपुर एवं रायपुर-कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी अवसर पर ताड़ोकी-रावघाट तथा अभनपुर-कुरूद रेलखंडों का लोकार्पण किया गया और रायपुर में आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी की आधारशिला रखी गई।
बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन
ताड़ोकी से रावघाट तक रेल लाइन का निर्माण पूरा होने के साथ ही देश की आजादी के बाद पहली बार रावघाट आधिकारिक तौर पर रेल नेटवर्क से जुड़ गया है। बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ एवं जनजातीय अंचलों के लिए यह उपलब्धि विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। इन नई रेल सेवाओं से इन क्षेत्रों का राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख केंद्रों से संपर्क बेहतर होगा, जिससे व्यापार, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
रेल अधोसंरचना में अभूतपूर्व निवेश
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना के विस्तार का अभूतपूर्व दौर चल रहा है। वर्तमान में प्रदेश में लगभग 54 हजार करोड़ रुपये की रेल विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, और इस वर्ष छत्तीसगढ़ को 7,470 करोड़ रुपये का रेलवे बजट मिला है। वर्ष 2014 के बाद से राज्य में लगभग 1,328 किलोमीटर नई रेल पटरियां बिछाई जा चुकी हैं, जबकि पहले यह दायरा बेहद सीमित था। इसके अलावा प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है।
आधुनिक लोको मेंटेनेंस फैसिलिटी और भविष्य की योजनाएं
कार्यक्रम के दौरान रायपुर में आधुनिक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव मेंटेनेंस फैसिलिटी की आधारशिला रखी गई, जिससे भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित होगी। वहीं, रायपुर-कुरूद रेल सेवा शुरू होने से धमतरी तक ब्रॉडगेज कनेक्टिविटी का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इस गरिमामयी कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, कांकेर सांसद भोजराज नाग, विधायकगण एवं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।