अपनी पसंद की खबर खोजें
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से अंधविश्वास के चलते हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के कोड़ेनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरछेपाल गांव में एक व्यक्ति ने अपने ही पड़ोसी पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर दिया। इस गंभीर हमले में घायल हुए व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बच्चों के बीमार होने पर करता था शक
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी सोनारू मंडावी को यह अंधविश्वास था कि उसका पड़ोसी बोगा पोयामी जादू-टोना (टोटका) करता है, जिसके प्रभाव से उसके बच्चे अक्सर बीमार पड़ जाते हैं। इसी रंजिश और शक के चलते आरोपी ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए बोगा पोयामी पर टंगिया से हमला कर दिया। हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन डॉक्टरों के लाख प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकेगी और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलने पर कोड़ेनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तुरंत दबिश दी और आरोपी सोनारू मंडावी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के लोगों से अंधविश्वास जैसी कुप्रथाओं से दूर रहने और इस तरह के मामलों में कानून का सहारा लेने की अपील की है।