अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) से पढ़ाई पूरी कर चुके राजस्थान के दौसा निवासी आरोपी हिमांशु जाटव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी एनआईटी में अध्ययन के दौरान डीडी नगर थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रहता था, जहां उसकी पहचान नाबालिग छात्रा से हुई थी।
गर्भपात कराने की जानकारी सामने आने के बाद परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत
पुलिस के मुताबिक पढ़ाई पूरी करने के बाद आरोपी रायपुर छोड़कर दिल्ली चला गया था। कुछ समय बाद नाबालिग ने फोन पर उसे गर्भवती होने की सूचना दी, जिसके बाद आरोपी कथित तौर पर दिल्ली से रायपुर आया और छात्रा का गर्भपात कराया। घटनाक्रम की जानकारी परिजनों को मिलने के बाद उन्होंने डीडी नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पॉक्सो एक्ट और बीएनएस के तहत केस दर्ज, जांच जारी
परिजनों की शिकायत पर डीडी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी हिमांशु जाटव को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही गर्भपात कराने के स्थान और घटनाक्रम में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की जांच कर रही है।