अपनी पसंद की खबर खोजें
Hospital Fire: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के जल विहार कॉलोनी रोड स्थित स्वास्तिक नर्सिंग होम में एक बड़ा हादसा टल गया, जब अस्पताल की पहली मंजिल पर बने ऑपरेशन थिएटर (OT) में लगे एसी (AC) में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। इस ब्लास्ट के बाद अस्पताल परिसर में भारी अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते आग ने ऑपरेशन थिएटर में रखे कीमती उपकरणों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिस वक्त ओटी के एसी में अचानक धमाका हुआ, उससे लगे चेंजिंग रूम में अस्पताल का स्टाफ मौजूद था। स्टाफ ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत अन्य कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने ऑपरेशन टेबल, जीवन रक्षक मशीनों और अन्य सामान को अपनी आगोश में ले लिया। अस्पताल प्रबंधन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दमकल विभाग और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी।
हादसे के समय अस्पताल में मरीजों की जान बचाने के लिए तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। अस्पताल में भर्ती आईसीयू के 12 मरीजों को सुरक्षित अन्य स्थानों पर शिफ्ट किया गया, जिससे किसी भी प्रकार की बड़ी जनहानि होने से टल गई। दमकल गाड़ियों के मौके पर पहुंचने से पहले अस्पताल के कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने आग पर काबू पाने के शुरुआती प्रयास किए।
प्रशासन और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। शुरुआती जांच में एसी में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना के बाद स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षा मानकों और उपकरणों के रखरखाव को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।