अपनी पसंद की खबर खोजें
भानुप्रतापपुर (कांकेर), 15 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भानुप्रतापपुर से लगे ग्राम पंचायत चौगेल स्थित एक मकान के भीतर शिक्षक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान विमल गोटा के रूप में हुई है। घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक शिक्षक के घर से पिछले कुछ समय से लगातार बदबू आ रही थी। जब पड़ोसियों को संदेह हुआ तो उन्होंने इसकी सूचना तुरंत भानुप्रतापपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर एसडीओपी और थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने जब घर का दरवाजा खोला, तो अंदर शिक्षक विमल गोटा का शव मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फॉरेंसिक (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से तमाम भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।