अपनी पसंद की खबर खोजें
Mukhyamantri Grameen Bus Yojana: मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में दूरस्थ गांवों को जोड़ने के लिए दो नए मार्गों पर बस सेवा की शुरुआत की गई है। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने भानुप्रतापपुर-कोरर और भानुप्रतापपुर-अंतागढ़ मार्ग पर बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई सेवा के शुरू होने से वनांचल के 40 से अधिक गांवों के लोगों को नियमित सार्वजनिक परिवहन की सौगात मिली है, जिससे उनका आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा।
ग्रामीणों को मिलेगी शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार की सुविधा

इस अवसर पर परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य के सुदूर ग्रामीण अंचलों तक बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना उन गांवों के लिए वरदान साबित हो रही है, जहाँ पहले परिवहन का कोई साधन नहीं था। अब इन ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को विकासखंड मुख्यालय, अस्पताल, स्कूल और साप्ताहिक हाट-बाजारों तक पहुँचने के लिए लंबी दूर तय नहीं करनी पड़ेगी।
उन्होंने आगे कहा कि परिवहन सेवाओं का यह विस्तार केवल आने-जाने का साधन मात्र नहीं है, बल्कि यह दूरस्थ अंचलों को विकास की मुख्यधारा और नए अवसरों से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि सरकार सुदूर अंचलों तक हरसंभव सुविधा पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक सहित तमाम स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।