अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर एक वर्षीय बच्चे को कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी पवन साहू को करीब पांच घंटे के भीतर नागपुर के उमरेड से गिरफ्तार कर लिया। बच्चे को सकुशल बरामद कर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को एक महिला ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप था कि पवन साहू उसके घर में घुसा और गाली-गलौज व धमकी देते हुए उसके एक वर्षीय बच्चे को जबरन अपने साथ ले गया।
बताया गया कि आरोपी बच्चे को बाइक पर लेकर रायपुर से बाहर निकल गया था। उसने बच्चे को कपड़े के सहारे अपनी कमर से बांध रखा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की और संभावित मार्गों एवं ठिकानों की जानकारी जुटाई।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को नागपुर के उमरेड से पकड़ लिया और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द किया गया। मामले में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और घटना के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।