अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 19 सितंबर 2026। नया रायपुर में चौथे बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। 18 से 20 सितंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन में देश-विदेश के कैंसर विशेषज्ञ, चिकित्सक, शोधकर्ता और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हुए। इसी दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और शुरुआती जांच पर जोर
कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, शुरुआती पहचान और उपचार से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम संभव है और राज्य स्तर पर किए जा रहे प्रयासों को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कॉन्क्लेव में सर्वाइकल कैंसर से बचाव, शुरुआती जांच और महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
500 से ज्यादा राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ शामिल
‘कैंसर उपचार में संतुलन की पुनर्स्थापना’ विषय पर आयोजित कॉन्क्लेव में 500 से अधिक राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय विशेषज्ञ और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। स्तन, स्त्री रोग संबंधी और मूत्र-जनन तंत्र के कैंसर के उपचार में सही विकल्प चुनने पर विशेष चर्चा की जा रही है।
कार्यक्रम में वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर उपचार संबंधी निर्णय, मरीज-केंद्रित देखभाल, किफायती उपचार, रोकथाम और स्वास्थ्य सेवाओं में समान अवसर जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। 20 से अधिक विशेषज्ञ पैनल चर्चाओं के साथ सजीव सर्जिकल प्रदर्शन और व्यावहारिक कार्यशालाएं भी आयोजित की जा रही हैं।
कैंसर देखभाल में तकनीक और स्थानीय शोध पर फोकस
आयोजकों के अनुसार, सर्वाइकल कैंसर की दिशा में एचपीवी टीकाकरण और सुलभ जांच विधियों को बढ़ावा देने के साथ उन्नत इंटरस्टिशियल ब्रैकीथेरेपी जैसी उपचार तकनीकों पर भी काम किया जा रहा है। महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला कैंसर विशेषज्ञों द्वारा संचालित स्तन स्वास्थ्य क्लिनिक की जानकारी भी साझा की गई।
कॉन्क्लेव में स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कैंसर शोध को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि स्थानीय स्तर पर किए जाने वाले शोध से ऐसी रोकथाम और उपचार रणनीतियां विकसित करने में मदद मिल सकती है, जो प्रभावी होने के साथ किफायती और समुदाय की जरूरतों के अनुरूप हों।
डॉ. रवि कन्नन को वेदावती अग्रवाल ऑरेशन अवॉर्ड
कैंसर उपचार के क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. रवि कन्नन को वेदावती अग्रवाल ऑरेशन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान टिकाऊ और समान अवसर वाली कैंसर देखभाल तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को आगे बढ़ाने में योगदान के लिए दिया गया।
कॉन्क्लेव के दौरान ‘वूमेन फॉर ऑन्कोलॉजी’ मंच के जरिए महिला कैंसर विशेषज्ञों के बीच सहयोग, मार्गदर्शन और नेतृत्व को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। वहीं ‘कैनवास फॉर ए लाइफ’ कला एवं विरासत प्रदर्शनी के माध्यम से जरूरतमंद कैंसर मरीजों के उपचार, जांच, पोषण और अन्य आवश्यक सहायता के लिए आर्थिक सहयोग जुटाने की पहल भी की गई।