अपनी पसंद की खबर खोजें
अंबिकापुर, 9 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से अकेले विचरण कर रहे एक खूंखार लोनर (अकेले घूमने वाले) हाथी ने दीपावली की रात भारी तबाही मचाते हुए दो और लोगों की जान ले ली है। हाथी के इस अचानक हमले से स्थानीय ग्रामीणों में भारी दहशत और शोक का माहौल व्याप्त है। वन विभाग और पुलिस प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस लोनर हाथी ने सूरजपुर जिले के सोनगरा और बतरा क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया। यह पहला मौका है जब यह हाथी सूरजपुर जिले के इस नए क्षेत्र में दाखिल हुआ है।
अंबिकापुर-बनारस राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सोनगरा से लगे श्यामनगर में हाथी ने एक व्यक्ति को अपनी चपेट में लेकर कुचल दिया। इसके बाद हाथी आगे बढ़ते हुए लटोरी-बतरा क्षेत्र में जा पहुंचा, जहां बतरा से लगे राई गांव के पास इसने दूसरे व्यक्ति को भी कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।
वन सूत्रों के अनुसार, यह वही कुख्यात 'कबरा' हाथी है जो पिछले कुछ समय से लगातार इस इलाके में सक्रिय है और अपने आक्रामक स्वभाव के लिए जाना जाता है। यह हाथी अब तक विभिन्न इलाकों में कुल 16 लोगों को कुचलकर मार चुका है। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था के खिलाफ भारी आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। प्रशासन ने आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर लोगों को जंगलों और खेतों की ओर न जाने की हिदायत दी है।