अपनी पसंद की खबर खोजें
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में 4-5 साल के एक मासूम बच्चे की बेहद बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस अंधे कत्ल का खुलासा कर दिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अमीर बनने और जल्दी पैसे कमाने के चक्कर में अंधविश्वास और आपराधिक साजिश का शिकार हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया पर जल्दी और अधिक पैसे कमाने के शॉर्टकट तरीके तलाश रहा था। इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर उन्हें बेचने का भयानक विचार आया। इसी घिनौनी मंशा के तहत उसने मासूम बच्चे को अपने झांसे में लिया, उसे पहले शराब पिलाई और फिर धारदार चाकू से उसका गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शरीर के कुछ अंग निकालकर शव को खेत में छिपा दिया था।
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी रामजीत राम (36) ने 7 नवंबर 2026 को थाना सन्ना में अपने 4-5 वर्षीय बेटे जितेंद्र राम की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित परिवार मूल रूप से मजदूरी करने के लिए सन्ना आया था और आमटचुआ नदी डैम के पास झोपड़ी बनाकर रह रहा था।
बच्चे के लापता होने के बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान जब संदेह के आधार पर आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने पूरा सच उगल दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मासूम का शव, हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। पुलिस इस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।