अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 9 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक व्यापारी परिवार पर रविवार को दुखों का बड़ा पहाड़ टूट पड़ा। अभनपुर क्षेत्र के टीला एनीकट में एक कार के पानी में गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी, उनकी बेटी और बेटा शामिल हैं। इस भीषण हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा देर रात करीब 1:15 बजे चंपारण चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम टीला एनीकट के पास हुआ। रायपुर के लक्ष्मीनगर निवासी शीतल साहू (44) अपनी पत्नी भारती साहू (40), बेटी पूर्वा साहू (22) और बेटे विकास साहू (19) के साथ कार में सवार होकर कहीं जा रहे थे।
इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर टीला एनीकट के नीचे गहरे पानी में जा गिरी। कार के पानी में पूरी तरह डूब जाने के कारण उसमें सवार किसी भी सदस्य को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और चारों की पानी में डूबने से मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से कार और चारों शवों को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इस दुर्घटना के असली कारणों की गहराई से जांच की जा रही है कि आखिर कार अनियंत्रित होकर एनीकट में कैसे गिरी।