अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 3 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के जनजातीय, ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों को अंग्रेजी भाषा में संवाद करने में सक्षम बनाने तथा उनका आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश के महाविद्यालयों में विशेष अंग्रेजी सम्प्रेषण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की विशेष पहल पर शुरू किए गए इस कार्यक्रम के तहत स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों को 90 दिनों में 90 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित इस कार्यक्रम का क्रियान्वयन उच्च शिक्षा संचालनालय एवं रूसा के माध्यम से किया जा रहा है, जिसमें महाविद्यालयों में प्रत्येक कार्यदिवस पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित होंगे। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को अंग्रेजी में बातचीत करने, अपने विचार स्पष्ट रूप से व्यक्त करने, साक्षात्कार में आत्मविश्वास के साथ उत्तर देने और दैनिक जीवन में भाषा के व्यावहारिक उपयोग का अभ्यास कराया जाएगा।
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने इस पहल पर कहा कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, और अंग्रेजी संवाद की झिझक को दूर कर यह कार्यक्रम युवाओं के व्यक्तित्व विकास और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस योजना से विशेष रूप से ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों की छात्राओं को उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों में अधिक सहजता प्राप्त होगी।