अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 4 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर पुलिस लाइन में जशपुर पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा की दिशा में शुरू की गई एक अभिनव पहल 'हेलमेट बैंक' का औपचारिक शुभारंभ किया। सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि रोकने और नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस हेलमेट बैंक में 1000 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं, जो आवश्यकता पड़ने पर दोपहिया वाहन चालकों को अस्थायी रूप से दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने जशपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार के प्रति हमारी बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिर पर गंभीर चोट लगने से होने वाली मौतों को रोकने में हेलमेट जीवन रक्षक साबित होता है, इसलिए इसे अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाएं।
कैसे काम करेगा हेलमेट बैंक?

जशपुर पुलिस द्वारा संचालित इस हेलमेट बैंक की खासियत यह है कि अचानक यात्रा करने वाले या जिनके पास तत्काल हेलमेट उपलब्ध नहीं है, उन्हें अस्थायी रूप से हेलमेट प्रदान किया जाएगा। नागरिक अपना काम पूरा करने के बाद बैंक में हेलमेट वापस जमा कर सकेंगे। इसके साथ ही बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उन्हें नया हेलमेट खरीदने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि लोगों में सुरक्षित ड्राइविंग की संस्कृति विकसित हो सके।
इस गरिमामय कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, सरगुजा संभागायुक्त नरेन्द्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।