अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। राजधानी से लगे अटारी गांव स्थित नंदनवन को आधुनिक और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी है। प्रस्तावित पुनर्विकास परियोजना में करीब 50 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है और इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित करने की योजना है।
परियोजना के तहत नंदनवन के मौजूदा बॉटनिकल गार्डन को नए सिरे से विकसित करने के साथ बुनियादी ढांचे और जन-सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटकों के लिए मनोरंजन और सुविधाओं को बढ़ाने की योजना प्रस्तावित है।
नंदनवन पुनर्विकास की प्रस्तावित योजना का मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव विकासशील के समक्ष प्रस्तुतिकरण किया गया। बैठक में परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई और अधिकारियों को पर्यटकों की सुविधा, आकर्षण तथा पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
PPP मॉडल के जरिए निजी क्षेत्र की भागीदारी से नंदनवन के आधारभूत ढांचे को आधुनिक बनाने और इसे बेहतर हरित एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। हालांकि, 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा फिलहाल प्रस्तावित/अनुमानित निवेश है, अंतिम लागत परियोजना की विस्तृत प्रक्रिया के बाद तय होगी।