अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 24 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ के खर्राघाट में 29.99 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों के साथ स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया। परियोजना के तहत शनि मंदिर से खर्राघाट तक करीब 2 किलोमीटर क्षेत्र का विकास किया जाएगा और लगभग 8.50 एकड़ में ऑक्सीजोन तैयार होगा।
केलो नदी तट को मिलेगा नया स्वरूप
कार्यक्रम के दौरान ओ.पी. चौधरी ने केलो नदी में डुबकी लगाकर नदी को नमन किया। उन्होंने कहा कि केलो नदी रायगढ़ की पहचान, आस्था और संस्कृति से जुड़ी है। नदी और इसके तटों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए स्थायी विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से नदी, घाटों और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
पाथवे, घाट और स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विकास
परियोजना के अंतर्गत शनि मंदिर से खर्राघाट पुल तक करीब 2 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन किया जाएगा। सड़क के साथ नाली, पैदल पथ और नदी तट का सौंदर्यीकरण होगा। पचरी घाट का नवीनीकरण किया जाएगा और उसे पाथवे से जोड़ने के लिए संपर्क मार्ग बनाया जाएगा। शनि मंदिर के पास तिराहे का चौड़ीकरण भी प्रस्तावित है।
खर्राघाट में 8.50 एकड़ क्षेत्र में ऑक्सीजोन विकसित किया जाएगा। यहां सघन पौधरोपण, पार्किंग, पाथवे, घाट और व्यायाम एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं होंगी। ऑक्सीजोन और घाट के बीच सुरक्षित आवागमन के लिए मौजूदा पुल के नीचे अंडरपास यानी बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण भी किया जाएगा। इसके साथ खर्राघाट से शनि मंदिर की दिशा में मरीन ड्राइव विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
29.99 करोड़ की स्वीकृति, दो साल में पूरा होना है काम
परियोजना के लिए सीएसआर मद से 29.99 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति मिली है, जबकि अनुबंधित राशि 26.39 करोड़ रुपये है। कार्यादेश 24 जून 2026 को जारी किया गया था और परियोजना को दो वर्ष में पूरा किया जाना है। कार्यक्रम में ‘लोकल फॉर वोकल’ प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका वित्त मंत्री ने अवलोकन किया।