अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। राजधानी के मुख्य रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को जल्द ही आधुनिक और प्रीमियम खानपान सुविधाएं मिलने वाली हैं। रेलवे प्रशासन स्टेशन परिसर में एयरपोर्ट और बड़े शॉपिंग मॉल की तर्ज पर राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित फूड ब्रांड्स के प्रीमियम कैटरिंग आउटलेट्स शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
इस योजना को लागू करने के लिए रेलवे के वाणिज्य विभाग ने स्टॉल आवंटन की ई-नीलामी प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसके बाद स्टेशन परिसर में चयनित प्रीमियम ब्रांड्स के आउटलेट्स शुरू किए जाएंगे। यात्रियों को सफर के दौरान स्टेशन पर ही बेहतर और विविध खानपान विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
यात्रियों को मिलेंगे आधुनिक खानपान विकल्प
प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट शुरू होने के बाद यात्रियों को स्टेशन परिसर में सामान्य खानपान दुकानों के अलावा प्रतिष्ठित ब्रांड्स के खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध होंगे। इससे यात्रियों को ट्रेन का इंतजार करते समय स्टेशन पर ही सुविधाजनक विकल्प मिल सकेंगे।
ई-नीलामी से पूरी हुई आवंटन प्रक्रिया
रेलवे प्रशासन ने आउटलेट्स के लिए स्टॉल आवंटन की प्रक्रिया पारदर्शी ई-नीलामी के माध्यम से पूरी की है। अब आवंटित स्थानों पर संबंधित आउटलेट्स को संचालन के लिए तैयार किया जाएगा। यह कदम रायपुर रेलवे स्टेशन की यात्री सुविधाओं को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में उठाया गया है।