अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 12 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के स्थानीय उत्पादों और उद्योगों को वैश्विक बाजारों में एक नई पहचान दिलाने तथा निर्यात की संभावनाओं का विस्तार करने के उद्देश्य से आज राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय (भारत सरकार), विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) तथा आईटीपीओ (ITPO) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य विषय ‘‘मुक्त व्यापार समझौतों के प्रभावी उपयोग’’ रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम तथा वाणिज्यिक कर मंत्री लखन लाल देवांगन थे।

इस कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य छत्तीसगढ़ के वर्तमान और संभावित निर्यातकों को भारत सरकार के विभिन्न मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) के तहत मिलने वाले व्यापारिक अवसरों से अवगत कराना तथा उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना था।
वीआईपी रोड स्थित होटल में आयोजित इस एफटीए आउटरीच कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास की असीम संभावनाएं हैं और यहां के वनोपजों से निर्मित उत्पाद आज देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में पसंद किए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ का कुल निर्यात लगभग 18 हजार करोड़ रुपये का रहा, जिसमें चावल, इस्पात, फेरो-एलॉय तथा एल्युमीनियम की भूमिका सबसे विशिष्ट रही है। भारत ने यूएई, ऑस्ट्रेलिया, ओमान, ब्रिटेन और न्यूजीलैंड जैसे देशों के साथ कई महत्वपूर्ण व्यापारिक समझौते किए हैं, जिनका सीधा लाभ छत्तीसगढ़ के उद्योगों को मिल रहा है। इसके साथ ही, राज्य सरकार ने 'छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30' को अधिसूचित किया है, जिसका मुख्य लक्ष्य राज्य के निर्यात को दोगुना करना है।
कार्यशाला के दौरान उद्योग मंत्री ने प्रदेश के निर्यातकों तक मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) का लाभ आसानी से पहुंचाने के लिए चार प्रमुख घोषणाएं कीं:
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजस्व अग्रवाल, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार बंसल, भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के संयुक्त सचिव मनीष छाबड़ा, विदेश व्यापार के संयुक्त महानिदेशक डॉ. प्रवीण कुमार और उद्योग संचालक प्रभात मलिक ने भी अपने विचार रखे और जिलों को 'निर्यात केंद्र' के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया। इस कार्यशाला में प्रदेशभर से आए उद्योग संचालक, आकांक्षी उद्यमी और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।