अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 10 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पोंगरो में घुघरी नदी पर निर्मित एनीकट हाइड्रो पावर आधारित पम्पिंग योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान योजना की कार्यप्रणाली, सिंचाई क्षमता और किसानों को मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी ली। सरगुजा संभाग की अपनी तरह की इस पहली नवाचारी सिंचाई परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें बिना बिजली, डीजल, पेट्रोल या सौर ऊर्जा के केवल नदी के बहते जल प्रवाह से खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जा रहा है।
पोंगरो एनीकट हाइड्रो पावर पम्पिंग योजना में नदी के बहते पानी की ऊर्जा का उपयोग करके टरबाइन पम्प संचालित किया जाता है। इसके लिए पूर्व निर्मित एनीकट से लगभग 100 मीटर डाउनस्ट्रीम में प्लेटफॉर्म तैयार कर टरबाइन पम्प स्थापित किया गया है। यह पम्प नदी तल से लगभग 12 मीटर ऊंचाई पर स्थित तथा 200 मीटर दूर निर्मित वितरण टंकी तक अधिकतम 17 लीटर प्रति सेकंड की दर से पानी पहुंचाने में पूरी तरह सक्षम है। वितरण टंकी से पक्की सिंचाई नहरों और नालियों के माध्यम से खेतों तक पानी की सुगम व्यवस्था की गई है।
इस अभिनव तकनीक के कारण पम्प संचालन के लिए किसी भी बाहरी ऊर्जा स्रोत की जरूरत नहीं पड़ती है। इससे पारंपरिक ईंधन की खपत और कार्बन उत्सर्जन से बचाव होता है, जो कि हरित ऊर्जा, जल संरक्षण और टिकाऊ कृषि की दिशा में एक बेहद सराहनीय कदम है।
लगभग 2 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से पूर्ण की गई इस परियोजना से क्षेत्र के करीब 135 कृषक परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इस योजना के माध्यम से लगभग 80 एकड़ कृषि क्षेत्र में रबी और ग्रीष्मकालीन फसलों के लिए सिंचाई की बेहतरीन सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों की वर्षा आधारित खेती पर निर्भरता कम होगी और वे अतिरिक्त फसलें लेकर अपनी आय में वृद्धि कर सकेंगे।
इस अवसर पर कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।