अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 10 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में तकनीकी शिक्षा, नवाचार और उद्यमिता को नई ऊंचाइयां देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) परिसर में 88 करोड़ 76 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 'श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप इन इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी' की आधारशिला रखी। अत्याधुनिक तकनीकों, अनुसंधान सुविधाओं और स्टार्टअप इन्क्यूबेशन से सुसज्जित यह केंद्र प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को अपने अभिनव विचारों को सफल उद्यमों में बदलने का बड़ा अवसर प्रदान करेगा।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें सही अवसर और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की है। हमारी सरकार ऐसा वातावरण विकसित कर रही है, जहां युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए महानगरों की ओर न जाना पड़े, बल्कि वे छत्तीसगढ़ में ही नए आविष्कार करें और दूसरों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'आत्मनिर्भर भारत' और 'विकसित भारत' के संकल्प में युवा शक्ति और तकनीक की भूमिका को सबसे अहम बताया।
इस परियोजना में प्रख्यात उद्यमी रामदेव अग्रवाल और मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन द्वारा 71 करोड़ रुपए से अधिक का बड़ा योगदान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अपनी माता श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल की स्मृति में इस संस्थान की स्थापना करने वाले रामदेव अग्रवाल की मातृभक्ति और समाजसेवा की सराहना की।
एनआईटी रायपुर परिसर में लगभग 6,525 वर्गमीटर भूखंड पर बनने वाले इस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का कुल निर्मित क्षेत्रफल लगभग 12,307 वर्गमीटर होगा। छह मंजिला इस भवन में उभरती हुई प्रौद्योगिकियों की सात अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी, जिनमें निम्नलिखित प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं:
इस केंद्र में स्टार्टअप इन्क्यूबेशन स्पेस, स्मार्ट क्लासरूम, कॉन्फ्रेंस हॉल और आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी, जिससे नवोदित उद्यमियों को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान घोषणा की कि राज्य सरकार ने 'मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन' के लिए 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इसके साथ ही 'मुख्यमंत्री एआई मिशन' के अंतर्गत भी 500 करोड़ रुपए के निवेश का निर्णय लिया गया है, जिसके तहत प्रदेश में 100 एआई डेटा लैब और पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एनआईटी के विद्यार्थियों द्वारा एआई आधारित कचरा प्रबंधन और सड़क सुरक्षा जैसे बेहतरीन तकनीकी मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी सराहना की।