अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 17 नवंबर 2026। राज्यपाल रमेन डेका ने गोपाष्टमी के पावन अवसर पर विश्वगीता धेनु गोविंद पक्षी सेवा धाम, परसदा (कुम्हारी) पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता के दर्शन किए तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने गौधाम में नवनिर्मित पक्षी घर का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। राज्यपाल ने गौशाला का परिसर घूमकर गौमाता को अपने हाथों से चारा खिलाया और उनकी सेवा की।
प्रदेशवासियों को गोपाष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि गोपाष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के गोपाल स्वरूप और गौमाता के प्रति हमारी अटूट श्रद्धा का पर्व है।
राज्यपाल ने भारतीय अर्थव्यवस्था में गोवंश के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि सदियों से हमारी अर्थव्यवस्था गौवंश पर आधारित रही है।
समारोह में उपस्थित सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हमें रासायनिक उर्वरकों से दूर रहकर जैविक और प्राकृतिक खेती अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। गोबर की खाद से मिट्टी की उर्वरता और फसल की गुणवत्ता दोनों बढ़ती हैं। प्रसिद्ध प्रेरक वक्ता उज्ज्वल पाटनी ने भी गौसेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। गौधाम के संरक्षक गोपाल प्रसाद सुल्तानिया और प्रमुख ट्रस्टी सुधीर सुल्तानिया ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, संपत अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गौसेवक उपस्थित थे।