अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 16 नवंबर 2026: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में जिला मुख्यालय बेमेतरा के टाउन हॉल सिंघौरी में जनजातीय गौरव दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस भव्य आयोजन में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और पारंपरिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों, मांदर की थाप और लोकनृत्यों से पूरा परिसर सांस्कृतिक उल्लास के रंगों में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली जनजातीय प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके ऐतिहासिक योगदान को चिरस्थायी बनाने के लिए 15 नवंबर को 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध उलगुलान का आह्वान कर जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा की थी। सांसद ने छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह, गेंदसिंह और गुंडाधूर के बलिदान को भी याद किया और कहा कि केंद्र व राज्य सरकार बस्तर से नक्सलवाद के खात्मे के साथ-साथ जनजातीय समाज के शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य दयालवंत धर बांधे सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।