अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 16 नवंबर 2026। जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास साहस, स्वाभिमान, संघर्ष और अपनी संस्कृति की रक्षा का अनूठा इतिहास रहा है। देश की स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों के लिए जनजातीय नायकों द्वारा दिए गए त्याग और बलिदान हमारी अमूल्य धरोहर हैं। हमें इन महान जननायकों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाना है तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी है। यह बातें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित भव्य जनजातीय गौरव दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहीं।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रिमोट का बटन दबाकर क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाले लगभग 120 करोड़ रुपए की लागत के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर आधारित एक विशेष लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, तथा मुख्यमंत्री ने जनजातीय जननायकों पर केंद्रित फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। सर्व आदिवासी समाज की ओर से मुख्यमंत्री को विशाल गजमाला पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रदेश की 28 प्रतिभाशाली हस्तियों को सम्मानित किया गया:
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 'पीएम जनमन' और 'धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान' के तहत दूरस्थ अंचलों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं तेजी से पहुंचाई जा रही हैं। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है ताकि वहां के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा मिल सके।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी सभा को संबोधित करते हुए जनजातीय नायकों के बलिदान को याद किया और राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया एवं अटल श्रीवास्तव, बिलासपुर महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित विभिन्न जनजातीय समाजों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।