अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 30 अक्टूबर 2026। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव तथा छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण (सीजीआरडीए) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भीम सिंह ने कहा है कि नक्सलवाद से मुक्त हो चुके बस्तर संभाग और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में सड़क संपर्क का विस्तार शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। वर्षों से विकास की मुख्यधारा से दूर रहे इन क्षेत्रों के प्रत्येक पात्र गांव और बसाहट तक सड़क पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता और तत्परता से कार्य करना होगा। उन्होंने बस्तर संभाग के सभी क्षेत्रों का शत-प्रतिशत सर्वे कर सड़क संपर्क की शत-प्रतिशत संतृप्तता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सचिव भीम सिंह आज रायपुर स्थित विकास भवन में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना (एमएमजीएसवाई) के अंतर्गत संचालित सड़क निर्माण कार्यों की राज्य स्तरीय समीक्षा कर रहे थे। बैठक में योजनावार एवं जिलावार कार्यों की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता, समय-सीमा, संधारण और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बस्तर के हर पात्र गांव को सड़क से जोड़ने पर जोर
श्री सिंह ने कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति से बस्तर संभाग के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के नए अवसर मिले हैं। इन अवसरों का पूरा लाभ जनता तक पहुँचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में अब तक सड़क संपर्क उपलब्ध नहीं हुआ है, उनका व्यापक सर्वेक्षण किया जाए ताकि कोई भी पात्र बसाहट वंचित न रहे। साथ ही, पीएम जनमन योजना के तहत मार्च 2027 तक 828 किमी सड़क निर्माण का लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा गया।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई और निगरानी
समीक्षा बैठक के दौरान निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब और अनियमितताओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए:
कवर्धा जिले में सड़क निर्माण की धीमी प्रगति पर तत्कालीन कार्यपालन अभियंता के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बलरामपुर जिले के राजपुर में डीपीआर तैयार करने में लापरवाही बरतने पर संबंधित उप अभियंता को निलंबित करने के आदेश दिए गए।
सड़कों पर भारी वाहनों के आवागमन से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए सीसीटीवी से निगरानी करने और पोस्टर-बैनर के माध्यम से जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रमुख अभियंता के.के. कटारे, राज्य गुणवत्ता समन्वयक अमित गुलहरे, मुख्य अभियंता वरुण राजपूत सहित सभी सर्कल के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।