अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 31 अक्टूबर 2026। दीपावली का पर्व घरों को रोशन करने के साथ-साथ दूसरों के जीवन में खुशियां लाने का भी एक बड़ा अवसर है। इसी भावना को साकार करते हुए प्रदेश के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने आज राजधानी रायपुर के पंडरी बाजार का दौरा किया और स्थानीय विक्रेताओं से मिट्टी के दीये खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ (Vocal for Local) का सशक्त संदेश दिया।
कुम्हारों और छोटे व्यापारियों को दें बढ़ावा
मंत्री टंक राम वर्मा ने इस दौरान प्रदेशवासियों से अपील की कि दीपावली के पावन पर्व पर स्थानीय कारीगरों, कुम्हारों और छोटे व्यापारियों के उत्पादों को प्राथमिकता दें, ताकि उनकी आजीविका मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में हर नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। जब हम स्थानीय उत्पाद खरीदते हैं, तो केवल वस्तु नहीं, बल्कि उसके पीछे जुड़े हुनर और परिवार की उम्मीदों को सम्मान देते हैं।
सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक जुड़ाव के प्रतीक
मंत्री वर्मा ने कहा कि मिट्टी के दीये भारतीय संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव के अनूठे प्रतीक हैं। दीपावली पर इनका उपयोग हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के साथ पारंपरिक कुम्हार व्यवसाय को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और ग्रामीण आजीविका को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मंत्री ने विशेष रूप से युवाओं और परिवारों से आग्रह किया कि वे इस दीपावली पर चीनी या विदेशी लाइटों के बजाय स्वदेशी दीयों, पारंपरिक पूजा सामग्री और स्थानीय हस्तशिल्प उत्पादों की ही खरीदारी करें, ताकि मेहनतकश परिवारों के घरों में भी समृद्धि और उजाला आ सके।