अपनी पसंद की खबर खोजें
जशपुरनगर, 11 नवंबर 2026। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट विश्वास के प्रतीक पर्व भाई-दूज को पूरे देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में भी पारंपरिक और अनोखे अंदाज में मनाया गया। यहाँ बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए गोधन पूजा की। इस पर्व की सबसे बड़ी और अनोखी विशेषता यहां की एक प्राचीन परंपरा है, जिसमें बहनें पहले भाइयों को मरने का श्राप देती हैं और फिर अपने इस कृत्य के प्रायश्चित स्वरूप अपनी जीभ में 'रेंगनी' नामक स्थानीय वनस्पति का कांटा चुभाती हैं।
जशपुर जिले में बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश से आकर बसे लोगों की अच्छी खासी संख्या है, जिसके कारण यहां इन क्षेत्रों की लोक-संस्कृति और परंपराओं की गहरी छाप दिखाई देती है। भाई-दूज के इस पावन पर्व पर सुबह-सवेरे बहनों ने सामूहिक रूप से विशेष पूजा-अर्चना की।
इस अनुष्ठान के तहत गोबर से जमीन पर एक चौकोर आकृति बनाई जाती है, जिसे यमलोक और वहां के विभिन्न प्राणियों की प्रतिमूर्ति माना जाता है। बहनें इस आकृति को कूटती हैं और फिर भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनके उज्ज्वल भविष्य, दीर्घायु और संकटों से रक्षा की कामना करती हैं। श्राप देने और जीभ में कांटा चुभाकर प्रायश्चित करने की यह अनूठी रस्म इस पर्व को बेहद खास बनाती है, जिसे देखने और मानने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं।