अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 11 नवंबर 2026। देश के स्वाधीनता संग्राम में जनजातीय समाज के अतुलनीय योगदान, अदम्य साहस, बलिदान और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार एक बार फिर अनूठी पहल करने जा रही है। महान जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आगामी 15 नवंबर को प्रदेशभर में 'जनजातीय गौरव दिवस' अत्यंत गरिमामय वातावरण में मनाया जाएगा। इस वर्ष रायगढ़ जिले के घरघोड़ा (धरमजयगढ़) में मुख्य राज्य स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही 11 से 18 नवंबर तक पूरे प्रदेश में 'जनजातीय गौरव सप्ताह' के तहत विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भावना के अनुरूप, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय इतिहास, संस्कृति और परंपरागत ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। सरकार का मुख्य उद्देश्य उन महान जनजातीय महानायकों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्रप्रेम को जन-जन तक पहुँचाना है, जिन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता और सामाजिक स्वाभिमान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
जनजातीय गौरव दिवस केवल एक स्मृति दिवस नहीं है, बल्कि यह स्वतंत्रता संग्राम के उन स्वर्णिम अध्यायों को राष्ट्रीय चेतना के केंद्र में स्थापित करने का अवसर है। छत्तीसगढ़ की माटी के महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और भगवान बिरसा मुंडा जैसे वीरों की संघर्षगाथाएं आज भी हर छत्तीसगढ़िया को स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देती हैं।
आदिम जाति विकास विभाग के निर्देशों के अनुसार, 15 नवंबर को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा विशेष प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, वन, ऊर्जा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और उद्योग विभाग अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करेंगे।
इन प्रदर्शनियों के जरिए जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।
जनजातीय गौरव सप्ताह को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए प्रदेश के सभी शासकीय और निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों के बीच जनजातीय महापुरुषों के जीवन पर आधारित निबंध लेखन, भाषण, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हो रही हैं। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को जनजातीय समाज की समृद्ध लोकसंस्कृति, प्रकृति प्रेम और ऐतिहासिक योगदान से गहराई से परिचित कराना है।