अपनी पसंद की खबर खोजें
दुर्ग, 11 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र में एक 13 साल की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। गोवर्धन पूजा के बाद गांव में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान तीन युवक नाबालिग को अपने साथ ले गए थे, जिनमें से एक मुख्य आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव में देर रात तक डांस और सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान तीनों युवक बच्ची को अपने साथ ले गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव से फरार होने की कोशिश में थे। पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की, तो पता चला कि एक आरोपी अपने रिश्तेदार के घर जाकर छिपा हुआ है। पुलिस ने दबिश देकर उसे वहीं से दबोच लिया, जिसके बाद बाकी दोनों युवकों को भी पकड़ लिया गया।
पुलिस के शुरुआती बयान के अनुसार, फिलहाल एक ही युवक पर दुष्कर्म का मुख्य आरोप है और इसे गैंगरेप का मामला नहीं माना गया है। हालांकि, बच्ची को जबरन साथ ले जाने और अन्य धाराओं के तहत बाकी दोनों युवकों पर भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस दोनों युवकों की भूमिका की भी गहराई से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के दौरान उनकी क्या संलिप्तता थी। पुलिस ने आरोपियों के परिजनों को भी थाने बुलाकर पूछताछ की है और नाबालिग का बयान दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।