अपनी पसंद की खबर खोजें
धरसीवां, 11 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाई-बहन के पवित्र पर्व भाई दूज के दिन धरसीवां के सिलतरा स्थित एसकेएस इस्पात एंड पावर लिमिटेड (SKS Ispat and Power Ltd) में एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। प्लांट में काम करने के दौरान आग की चपेट में आने से 23 वर्षीय जामवंत वर्मा गंभीर रूप से झुलस गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक अपनी दो बहनों का इकलौता भाई और माता-पिता का एकमात्र सहारा था।
मिली जानकारी के अनुसार, जामवंत वर्मा प्लांट के भीतर काम कर रहा था, तभी अचानक वह आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। उसे तुरंत गंभीर हालत में इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। आज सुबह करीब 6 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन SKS प्लांट के मुख्य गेट के सामने पहुँच गए और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने प्लांट प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग की है। घटना के बाद से इलाके में तनाव और गम का माहौल है।