अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। छत्तीसगढ़ में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत जिन पदों के लिए कौशल परीक्षा या शारीरिक परीक्षा जरूरी होगी, उनमें लिखित परीक्षा के बाद रिक्त पदों की संख्या के 15 गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद स्किल या फिजिकल टेस्ट में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम चयन की प्रक्रिया पूरी होगी।
नई भर्ती व्यवस्था कर्मचारी चयन मंडल के नियमों के अनुसार लागू की जा रही है। इसका उद्देश्य लिखित परीक्षा के बाद अगले चरण के लिए अभ्यर्थियों की संख्या निर्धारित करना और भर्ती प्रक्रिया को एक समान तरीके से संचालित करना है। संबंधित पदों की पात्रता और परीक्षा की प्रकृति के अनुसार आगे की चयन प्रक्रिया निर्धारित होगी।
राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने भी नई व्यवस्था की जानकारी सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों को भेज दी है। अब इन निकायों में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर होने वाली भर्तियां नए नियमों के अनुसार की जाएंगी।
नई प्रक्रिया में पहले लिखित परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों की छंटनी होगी। जिन पदों पर कौशल या शारीरिक दक्षता जांच आवश्यक है, वहां रिक्तियों की संख्या के 15 गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण में मौका मिलेगा। संबंधित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों में से ही अंतिम चयन किया जाएगा।