अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार तीसरे दिन बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। रायपुर में खारुन नदी का जलस्तर बढ़ने से महादेव घाट पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है।
महादेव घाट पुल पर आवाजाही बंद
खारुन नदी का पानी महादेव घाट पुल के ऊपर आने के बाद पुलिस ने एहतियातन बैरिकेडिंग कर पुल पर लोगों की आवाजाही रोक दी है। बताया जा रहा है कि करीब 10 साल बाद इस तरह पानी पुल के ऊपर पहुंचा है। जलस्तर बढ़ने के साथ प्रशासन और पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
अमलेश्वर-पाटन मार्ग पर संपर्क प्रभावित
लगातार बारिश के कारण अमलेश्वर-पाटन रूट पर पानी भर गया है, जिससे रायपुर से इस मार्ग के जरिए आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रशासन की ओर से जलस्तर और सड़क की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
SDRF ने रातभर चलाया रेस्क्यू अभियान
बारिश और बाढ़ जैसी परिस्थितियों के बीच SDRF की टीम ने रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान 55 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव दलों को सक्रिय रखा गया है।
नदी-नालों के पास जाने से बचें
लगातार बारिश को देखते हुए लोगों से नदी, नाले और तेज बहाव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचने की अपील की गई है। प्रशासन ने जलभराव वाले मार्गों पर अनावश्यक आवाजाही नहीं करने और सुरक्षा व्यवस्था का पालन करने की सलाह दी है।