अपनी पसंद की खबर खोजें
Crime News रायपुर, 2 नवंबर 2026। राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र के ग्राम तिल्दाडीह में अवैध संबंध के संदेह में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ गांव के ही एक पिता-पुत्र ने मिलकर युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। लोहे की हथौड़ी से सिर पर ताबड़तोड़ वार करने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम तिल्दाडीह निवासी सुंदर सायतोडे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके बेटे दीपक सायतोडे पर गांव के ही राजेश जांगड़े और उसके छोटे बेटे विकास जांगड़े ने हमला किया।
आरोपियों को शक था कि दीपक के साथ विकास की मां के अवैध संबंध हैं। इसी रंजिश के चलते एक दिन पहले (31 अक्टूबर) भी विकास ने दीपक के साथ मारपीट की थी, जिसमें उसके हाथ में चोट आई थी। इसके बाद भी विवाद थमा नहीं और रविवार को पिता-पुत्र ने दीपक को घेरकर लोहे की हथौड़ी से उसके सिर पर 6 से सात गंभीर वार कर दिए।
अस्पताल में इलाज जारी
हमले के बाद खून से लथपथ दीपक मौके पर ही बेहोश हो गया। परिजनों ने डायल 112 की मदद से उसे खरोरा के श्रीकृष्णा अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।