अपनी पसंद की खबर खोजें
बिलासपुर, 18 नवंबर 2026। बिलासपुर में साइबर ठगों ने ठगी का एक नया और खतरनाक तरीका अपनाया है, जहां वाहन चालान के नाम पर फर्जी मैसेज भेजकर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीखुर्द निवासी जल संसाधन विभाग के एक कर्मचारी के मोबाइल पर बाइक चालान का फर्जी मैसेज भेजकर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया। जैसे ही पीड़ित ने मैसेज में आए लिंक को खोला, उनका मोबाइल हैक हो गया और कुछ ही देर में उनके बैंक खाते व क्रेडिट कार्ड से कुल 96,786 रुपए उड़ा लिए गए।
तोरवा थाना प्रभारी (टीआई) विवेक पांडेय ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि देवरीखुर्द निवासी सौरभ पटेल (35 वर्ष) जल संसाधन विभाग में कर्मचारी हैं।
मोबाइल हैक होते ही ठगों ने रिमोट एक्सेस के जरिए उनके बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी हासिल कर ली और पलक झपकते ही खाते से 96,700 रुपए से अधिक की रकम पार कर दी। जब पीड़ित के मोबाइल पर बैंक से पैसे कटने के मैसेज आए, तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ।
घटना की जानकारी मिलने के बाद तोरवा पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आए चालान या लॉटरी के मैसेज और लिंक पर क्लिक न करें।