अपनी पसंद की खबर खोजें
भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज दुर्ग जिले के प्रवास के दौरान सेक्टर-6 भिलाई में महिला थाना के समीप 33.24 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित दुर्ग रेंज के साइबर थाना भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा का उद्घाटन, पुलिस नियंत्रण कक्ष स्थित उन्नत एकलव्य प्रशिक्षण हॉल, परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलिंग कक्ष एवं किलकारी कक्ष का लोकार्पण किया तथा नशामुक्ति के लिए ‘संकल्प अभियान-नशामुक्ति’ का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नवीन साइबर थाना से दुर्ग रेंज के अंतर्गत आने वाले दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों में साइबर अपराधों की रोकथाम व विवेचना में मदद मिलेगी। सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 और बौद्धिक संपदा अधिकारों से जुड़े अपराधों पर कार्रवाई के उद्देश्य से स्थापित इस थाने के नए भवन से ऑनलाइन धोखाधड़ी व साइबर ठगी की जांच, आरोपियों की पहचान और पीड़ितों को त्वरित सहायता देने में सहूलियत होगी।
मुख्यमंत्री ने पुलिस नियंत्रण कक्ष सेक्टर-6 भिलाई में सीएसआर मद से 15 लाख रुपये की लागत से उन्नत एकलव्य प्रशिक्षण हॉल तथा डीएमएफ (जिला खनिज संस्थान न्यास) मद से 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलिंग कक्ष व किलकारी कक्ष का भी लोकार्पण किया, जिससे पुलिस प्रशिक्षण, पारिवारिक विवादों के निराकरण तथा महिलाओं व बच्चों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने में सहायता मिलेगी। वहीं रूआबांधा पुलिस चौकी शुरू होने से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और संकल्प अभियान के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।