अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत आज रायपुर रेलवे स्टेशन से रायपुर संभाग के विभिन्न जिलों के 850 श्रद्धालुओं को लेकर विशेष ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल की उपस्थिति में विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर रायपुर रेलवे स्टेशन का वातावरण श्रद्धा और उत्साह से परिपूर्ण रहा तथा भगवान श्रीराम के दर्शन की अभिलाषा लेकर तीर्थयात्रा पर निकले श्रद्धालुओं ने इस अवसर के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि वनवास काल में प्रभु श्रीराम ने छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर लंबा समय व्यतीत किया था और यह भूमि माता कौशल्या की जन्मभूमि है, इसलिए प्रदेशवासियों के लिए अयोध्या धाम की यात्रा विशेष धार्मिक एवं भावनात्मक महत्व रखती है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आर्थिक एवं अन्य परिस्थितियों के कारण तीर्थयात्रा से वंचित रहने वाले श्रद्धालुओं को भी धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिले। इस विशेष तीर्थयात्रा के अंतर्गत श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में भगवान श्रीरामलला के दर्शन के साथ ही वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन का भी सौभाग्य प्राप्त होगा, जिससे सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा मिल रहा है।
तीर्थयात्रियों की यात्रा को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए जिला प्रशासन, रेलवे, भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) तथा छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग द्वारा आपसी समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। ट्रेन के प्रस्थान के समय संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।