अपनी पसंद की खबर खोजें
दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज दुर्ग जिले के नगर पालिक निगम रिसाली में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह में 101 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं और राज्य सरकार की मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के माध्यम से नगरीय क्षेत्रों में पेयजल, सड़क, जल निकासी और बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है, ताकि शहर आर्थिक विकास और रोजगार के केंद्र बन सकें।
समारोह में हुए कार्यों के तहत नगर निगम के अंतर्गत 29 करोड़ 55 लाख रुपये के 22 कार्यों का भूमिपूजन तथा 39 करोड़ 56 लाख रुपये के दो कार्यों का लोकार्पण किया गया, जबकि लोक निर्माण विभाग के 28 करोड़ 6 लाख रुपये के एक कार्य और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के 3 करोड़ 84 लाख रुपये के चार कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इनमें आजाद मार्केट से प्रगति नगर होते हुए मैत्री कुंज तक 10 करोड़ 84 लाख रुपये से नाला निर्माण, डीपीएस चौक से जोहार चौक तक 5 करोड़ 59 लाख रुपये से सड़क विकास, वार्ड क्रमांक 18 में 1 करोड़ 95 लाख रुपये से ओवरहेड टैंक, मैत्री नगर में 1 करोड़ 65 लाख रुपये से उद्यान व प्रकाश व्यवस्था तथा छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) नेवई भिलाई में 28 करोड़ 7 लाख रुपये से आवासीय भवन, बालक छात्रावास और वर्कशॉप भवन का निर्माण शामिल है। इसके अलावा तालपुरी व रूआबांधा में 98 लाख रुपये से अधिक, डुंडेरा पश्चिम में 77 लाख रुपये, नेवई भांठा व नेवई बस्ती पूर्व में 74 लाख रुपये और सक्ती विहार रिसाली में 67 लाख रुपये के कार्य किए जाएंगे।
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर की मांगों पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रिसाली नगर निगम क्षेत्र में जल शुद्धिकरण व पेयजल व्यवस्था के लिए 134 करोड़ रुपये, वार्ड क्रमांक 1 से 40 तक नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा नेवई और जोरातराई में मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपये की घोषणा की। साथ ही आने वाले दिनों में रिसाली को पीएम ई-बस सेवा से जोड़ने की बात कही तथा धान खरीदी, महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कार्तिक पूर्णिमा व गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि नगरीय निकायों में नागरिक सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है और रिसाली के विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान 95 हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक, सामग्री, प्रशस्ति पत्र और अधिकार अभिलेख प्रदान किए गए, जिनमें चंचला दुर्गा व रघुनंदन ध्रुव को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, शिव प्रसाद को ट्राइसाइकिल, विकास कुमार को व्हीलचेयर तथा रोहिणी मानिकपुरी को श्रवण यंत्र शामिल हैं। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक ललित चंद्राकर, सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन, जितेंद्र साहू, राकेश पांडे, महापौर अलका बाघमार, महापौर शशि सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, पूर्व मंत्री रमशीला साहू व सुरेंद्र कौशिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।