अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 6 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ओर से दीपावली के पावन अवसर पर मिला आत्मीय संदेश छत्तीसगढ़ के कवर्धा निवासी किसान ओंकार साहू के परिवार के लिए बेहद खास बन गया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सौर ऊर्जा अपनाने वाले कवर्धा के रामनगर निवासी ओंकार साहू को मुख्यमंत्री ने ‘विष्णु की पाती’ (पत्र) भेजकर शुभकामनाएं दी हैं। पत्र में मुख्यमंत्री ने खेती-किसानी के साथ-साथ सौर ऊर्जा अपनाने की उनकी पहल की सराहना करते हुए इसे आर्थिक आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
खेती-किसानी से जुड़े ओंकार साहू ने 28 अप्रैल 2025 को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घर पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया था। इसके लिए उन्होंने कुल 1 लाख 90 हजार रुपये खर्च किए, जिसमें उन्हें सरकार की ओर से 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई।
ओंकार साहू ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने से पहले उनके घर का हर महीने लगभग 1,000 से 1,500 रुपये तक बिजली बिल आता था, लेकिन अब सोलर ऊर्जा से घर की जरूरतें पूरी होने के बाद उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है।
खास बात यह है कि सोलर पैनल से घर की जरूरत से अधिक बिजली का उत्पादन हो रहा है। उपयोग के बाद बची अतिरिक्त बिजली को विद्युत ग्रिड में भेजा जा रहा है। इस सरप्लस बिजली के बदले उन्हें अब तक लगभग 9 हजार रुपये का आर्थिक लाभ भी मिल चुका है। अब वे केवल बिजली की खपत करने वाले उपभोक्ता नहीं रहे, बल्कि ग्रिड को बिजली देने वाले उत्पादक बन गए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पत्र मिलने पर ओंकार साहू के परिवार ने अत्यधिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे अपने लिए गौरव का क्षण बताया है।