अपनी पसंद की खबर खोजें
भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, सेक्टर-6 भिलाई में आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा में मत्था टेका तथा पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाकर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने लंगर में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया, जबकि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी गुरुद्वारा में मत्था टेका और लंगर में प्रसाद ग्रहण किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती को प्रकाश पर्व के रूप में मनाया जाता है और इस पावन अवसर पर पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाने का अवसर मिलना सौभाग्य का विषय है। उन्होंने सिख समाज के संतजनों, समाज के बंधुओं, माताओं-बहनों और युवा साथियों को प्रकाश पर्व की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सिख समाज का आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन निरंतर मिलता रहे।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, प्रेम प्रकाश पांडेय, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, सिख समाज के संतजन, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।