अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे से झमाझम बारिश का दौर जारी है। बारिश के साथ बीच-बीच में तेज बौछारें भी पड़ रही हैं। गुरुवार शाम से ही शहर के आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं, जिसके चलते मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है।
प्रदेश में सक्रिय मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से कई इलाकों में बारिश का दौर बना हुआ है। 24 सितंबर को भी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में दिनभर रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश हुई। कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश भी देखने को मिली।
शुक्रवार रात से ही रायपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल रही हैं। लगातार बारिश के कारण सुबह के समय लोगों को घर से बाहर निकलने और आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि, बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी है। मौसम में ठंडक आने से राजधानी का वातावरण सुहाना हो गया है। आने वाले घंटों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना के चलते लोगों को मौसम को देखते हुए सावधानी से आवागमन करने की सलाह दी जाती है।