अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 15 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में आज से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के महाअभियान का आगाज बेहद उमंग, उत्साह और हर्षोल्लास के माहौल में हुआ है। जिले के 117 धान उपार्जन केंद्रों में पहले दिन धान खरीदी की शुरुआत की गई, जिसके तहत पहले दिन 805 किसानों को 'टोकन तुंहर हाथ' मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन जारी किए गए। किसान सुबह से ही ट्रैक्टर और अन्य वाहनों में अपना धान लेकर केंद्रों पर पहुंचने लगे।
राज्य सरकार के किसान हितैषी महत्वपूर्ण निर्णय से अन्नदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। अब निर्धारित अधिकतम मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ के मान से एकसमान 13 हजार 839 रुपए की आदान सहायता राशि (बोनस) प्रदान की जाएगी। यदि कोई किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम मात्रा में भी धान उपार्जन के लिए उपलब्ध कराता है, तब भी उसे इसका पूरा लाभ मिलेगा। सरकार के इस कदम से विशेष रूप से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों, लघु-सीमांत कृषकों और जनजातीय अंचलों के किसान परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष जिले में कुल 1 लाख 35 हजार 167 किसानों का पंजीयन किया गया है, जो पिछले वर्ष (1 लाख 32,233) की तुलना में 2,934 अधिक है। जिला प्रशासन द्वारा सभी उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।