अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 15 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पीसीसी चीफ के बयानों पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आजादी के 79 वर्षों में लंबे समय तक केंद्र और राज्यों में सत्ता में रही कांग्रेस ने हमेशा जनजातीय समाज को केवल 'वोट बैंक' के रूप में इस्तेमाल किया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने उनके वास्तविक और समग्र विकास के लिए काम किया है।
रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग से जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के विकास के लिए 'धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान' शुरू किया गया है, जिसके तहत अकेले छत्तीसगढ़ के 6,691 गांवों को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से पिछड़ी जनजातियों के लिए शुरू की गई 'पीएम-जनमन योजना' से छत्तीसगढ़ की उन 5 पिछड़ी जनजातियों (जिनकी आबादी करीब 3 लाख 20 हजार है) के जीवन में अभूतपूर्व बदलाव आ रहा है। उनके गांवों में पक्के मकान, सौर ऊर्जा से बिजली, स्वच्छ पेयजल और राशन कार्ड जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंच रही हैं।
छत्तीसगढ़ में आज से धान खरीदी के महापर्व की शुरुआत हो रही है। इस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया कि सरकार अपने वादे के मुताबिक किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरगुजा और बस्तर संभाग के कई किसान भौगोलिक कारणों से अपनी पूरी पैदावार तुरंत नहीं बेच पाते, ऐसे किसानों को राहत देने के लिए सरकार उनकी वास्तविक पैदावार का पूरा धान खरीदेगी और बाकी अंतर की राशि का भुगतान करेगी।
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री रायगढ़ रवाना हुए। इस दौरान रायपुर एयरपोर्ट पर उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक समारोह में शामिल होने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय नेता छत्तीसगढ़ आ रहे हैं, और इसमें जनजातीय समाज का भारी जनसैलाब उमड़ने वाला है।