अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना को आगे बढ़ाते हुए सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में बुधवार को ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत व्यापक स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्राम पंचायत तराजू में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्वयं श्रमदान करते हुए अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, स्वच्छताग्राहियों और ग्रामीणों के साथ साप्ताहिक बाजार स्थल तथा तालाब के आसपास साफ-सफाई की।
बेलचा और झाड़ू थामकर दिया जनभागीदारी का संदेश
अभियान के दौरान राजेश अग्रवाल ने स्वयं झाड़ू लगाकर सार्वजनिक स्थल की सफाई की और ग्रामीणों को अपने आसपास का परिवेश स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ और विकसित समाज की आधारशिला है। गांवों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने के लिए शासन-प्रशासन के प्रयासों के साथ प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी एक दिन या अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत और सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की आवश्यकता है।
बाजार, तालाब और सार्वजनिक स्थलों की सफाई पर जोर
मंत्री ने ग्रामीणों से अपने घर और परिसर के साथ बाजार, तालाब, सड़क और अन्य सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर भी ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाएगा, तभी स्वच्छता का उद्देश्य वास्तविक रूप से पूरा हो सकेगा। उन्होंने ओडीएफ प्लस के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए भी ग्रामीणों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
ग्राम तराजू में साप्ताहिक बाजार और तालाब किनारे आयोजित सामूहिक श्रमदान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, स्वच्छताग्राहियों और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ लोगों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और जलस्रोतों व उनके आसपास गंदगी नहीं फैलाने के लिए जागरूक किया गया।
लखनपुर की सभी ग्राम पंचायतों में हुई स्वच्छता गतिविधियां
सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता गतिविधियां केवल ग्राम तराजू तक सीमित नहीं रहीं। आकांक्षी विकासखंड लखनपुर की सभी ग्राम पंचायतों के शासकीय कार्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अधिकारी-कर्मचारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्वच्छताग्राहियों ने श्रमदान करते हुए कार्यालयों तथा आंगनबाड़ी परिसरों की साफ-सफाई की। अभियान के माध्यम से ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और ग्रामीणों को अपने गांव तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद
ग्राम तराजू में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष शशिकला सिंह, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े, राकेश अग्रवाल, राकेश साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि राजेंद्र जायसवाल, दिनेश बारी, दिनेश साहू, जनपद सदस्य रजनी पैंकरा सहित ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छताग्राही और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।