अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 18 नवंबर 2026। उपमुख्यमंत्री तथा गृह एवं जेल मंत्री विजय शर्मा ने आज महानदी भवन (नवा रायपुर) में एक संवेदनशील और महत्वपूर्ण पहल के तहत छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी (कबीरधाम) में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक स्वर्गीय श्री सोनवीर कुमार की पत्नी श्रीमती प्रीति देवी को 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा राशि का चेक प्रदान किया। यह राशि बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के अंतर्गत दी गई है। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा का यह संबल परिवार को जीवन में आगे बढ़ने की ताकत देता है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश के पुलिसकर्मी बेहद चुनौतीपूर्ण और कठिन परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं, ऐसे में उनके परिवारों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों की भलाई के लिए विभिन्न बैंकों के साथ एमओयू (समझौता) किए गए हैं, जिसके तहत आकस्मिक मृत्यु या दुर्घटना पर बीमा क्लेम मिलता है। बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा अब तक पांच पुलिस कर्मियों के प्रकरणों में यह बीमा सहायता प्रदान की जा चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा, 17वीं बटालियन के कमांडेंट कमलेश चंदेल, बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक दिवाकर प्रसाद सिंह, उप महाप्रबंधक प्रभाकर कुमार और सहायक महाप्रबंधक मधुसूदन कुमार उपस्थित रहे।