अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 3 अक्टूबर 2026। साइबर अपराधों के प्रति आमजन, खासकर युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित लघु फिल्म प्रतियोगिता का समापन एवं सम्मान समारोह रायगढ़ के पूज्य संत बाबा प्रियदर्शी रामजी ऑडिटोरियम में हुआ। कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया और रायगढ़ पुलिस द्वारा तैयार साइबर जागरूकता पर आधारित शॉर्ट फिल्म ‘The Cyber Trap’ की स्क्रीनिंग की गई। प्रतियोगिता में 11 राज्यों के 35 जिलों से 162 फिल्म प्रविष्टियां मिलीं, जबकि रूस से भी एक फिल्म की प्रविष्टि आई।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधों की चुनौती भी बढ़ रही है। इससे बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने युवाओं से स्वयं साइबर जागरूक बनने और ‘साइबर एम्बेसडर’ की भूमिका निभाते हुए परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में चल रहे सेवा संकल्प अभियान की सेवा गतिविधियों में साइबर जागरूकता को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। रायगढ़ पुलिस ने सिनेमा और रचनात्मकता को साइबर सुरक्षा से जोड़कर युवाओं तक डिजिटल सुरक्षा का संदेश पहुंचाने की पहल की है।
कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने साइबर जागृति अभियान और तकनीक आधारित जनजागरूकता पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि डिजिटल दौर में साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक के उपयोग को जनहित, जागरूकता और सुरक्षा से जोड़ने पर जोर दिया।
सात सप्ताह में करीब 2 लाख लोगों तक पहुंचा अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के अनुसार छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया गया। सात सप्ताह के दौरान रायगढ़ जिले में विभिन्न गतिविधियों और माध्यमों के जरिए करीब 2 लाख लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इसी अभियान के तहत ‘संकल्प : साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़’ थीम पर लघु फिल्म प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका उद्देश्य युवाओं की रचनात्मकता को साइबर जागरूकता से जोड़कर डिजिटल सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना था।
11 राज्यों के 35 जिलों से मिलीं 162 फिल्में
प्रतियोगिता को देशभर से प्रतिक्रिया मिली। 11 राज्यों के 35 जिलों से कुल 162 फिल्म प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। छत्तीसगढ़ सहित अलग-अलग राज्यों के प्रतिभागियों के साथ रूस से भी एक फिल्म की प्रविष्टि मिली। आयोजन में रोटरी क्लब रायगढ़ का सहयोग रहा, जबकि प्रबंधन की जिम्मेदारी Take 3 Studios ने संभाली।
निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए फिल्म निर्माण और कला क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया। इनमें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त फिल्म ‘भूलन: द मेज़’ के निर्देशक मनोज वर्मा, फिल्मकार योगेंद्र चौबे तथा रंगकर्मी, फिल्म अभिनेता, डॉक्यूमेंट्री फिल्मकार और अभिनय प्रशिक्षक सुनील चिपड़े शामिल रहे।
‘दूसर छोर’ और ‘एक्सेस लिंक’ ने जीते प्रथम पुरस्कार
प्रतियोगिता की श्रेणी ‘अ’ (3 से 6 मिनट) में स्वपनिल कोटरीवार की फिल्म ‘दूसर छोर’ ने पहला स्थान हासिल किया। होमेन्द्र कुमार की ‘जरूरत’ दूसरे और प्रकाश पटेल की ‘गुपचुप ठेला’ तीसरे स्थान पर रही।
वहीं श्रेणी ‘ब’ (1 से 3 मिनट) में दीपक जायसवाल की फिल्म ‘एक्सेस लिंक’ प्रथम, तुषार सोलंकी की ‘Dial 1930’ द्वितीय और समीर चन्द्रा की ‘Golden Hour’ तृतीय रही।
श्रेणी ‘अ’ में प्रथम विजेता को 1 लाख रुपये, द्वितीय को 75 हजार रुपये और तृतीय को 50 हजार रुपये दिए गए। श्रेणी ‘ब’ में प्रथम विजेता को 75 हजार रुपये, द्वितीय को 50 हजार रुपये और तृतीय विजेता को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। दोनों श्रेणियों के छह विजेताओं को कुल 3.75 लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।
‘The Cyber Trap’ में बताए साइबर ठगी से बचाव के तरीके
समारोह में रायगढ़ पुलिस द्वारा तैयार साइबर अवेयरनेस शॉर्ट फिल्म ‘The Cyber Trap’ की स्क्रीनिंग की गई। यह फिल्म प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं थी, बल्कि आम नागरिकों को साइबर अपराध के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के लिए अलग से तैयार की गई है।
फिल्म में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के साथ अनिल सोनी, मयंक मिश्रा, उत्तम प्रताप सिंह, राकेश मिश्रा, उत्कर्ष श्रीवास्तव, सानिया गुप्ता, लीना ठाकुर, दिपेश महंत, हर्ष बैरागी तथा रायगढ़ पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों ने भूमिका निभाई है। फिल्म की कहानी और निर्देशन ऋभू समर्थ सिंह ने किया है।
कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, प्रतियोगिता के प्रतिभागी, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।