अपनी पसंद की खबर खोजें
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से नवविवाहिता की मौत का दर्दनाक मामला सामने आया है। भखारा थाना क्षेत्र के भखारा नगर पंचायत में 25 वर्षीय महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। शादी के महज छह महीने बाद हुई इस घटना से परिवार और आसपास के इलाके में मातम का माहौल है।
मृतका की पहचान 25 वर्षीय काजल पाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, काजल की करीब छह महीने पहले ही भखारा निवासी एक युवक से शादी हुई थी। शादी के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक हुई इस घटना से परिजन सदमे में हैं।
नवविवाहिता की मौत की खबर सामने आने के बाद इलाके में भी हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। फिलहाल महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारण और घटना से पहले की परिस्थितियों का पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।